नगर निगम के चुनावी माहौल के बीच कलाल माजरी में रविवार दोपहर को गली में खड़े युवक-युवती को टोकने पर व्यक्ति की ईंटे मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कलाल माजरी निवासी रामनाथ (55) के रूप में हुई। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि कुछ युवक आकर पहले तो व्यक्ति के साथ झगड़ा करते हैं। विरोध में व्यक्ति भी हाथ में हथौड़ी लेकर अपना बचाव करता दिख रहा है। तभी युवक तैश में आकर व्यक्ति के सिर पर ईंट मार देते हैं। देखते ही देखते व्यक्ति की बेसुध होकर गिरने के बाद मौत हो गई। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों पर हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
हमलावर युवकों ने मारी थी कई ईंटें
बताया जाता है कि मृतक रामनाथ सिंह पंडित रविवार दोपहर करीब 4 बजे के बीच अपने घर पर मौजूद थे। पास ही एक शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान उनकी गली के बंद कोने में एक युवक व युवती खड़े थे। जब रामनाथ ने समाज की मर्यादा का हवाला देते हुए उन्हें वहां से हटने को कहा तो लड़का-लड़की उनसे बहस करने लगे और वहां से चले गए। बहस के कुछ ही देर बाद की दोबारा युवक मौके पर पहुंचे। युवक ने अपने तीन से चार साथियों के संग आकर रामनाथ से बहस शुरू कर दी। शोर सुनने के बाद परिजन भी बाहर आ गए। दोनों पक्षों के बीच झड़प भी हुई। इस बीच युवकों ने जमकर ईंटें बरसाईं थीं। कुछ ईंटें रामनाथ के लगने पर वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गए थे।
कपड़ा बाजार की दुकानों में रामनाथ करते थे अकाउंटेंट का काम
बताया जाता है कि मृतक रामनाथ के तीन बच्चे हैं। वह कपड़ा बाजार की कुछ दुकानों में अकाउंटेंट का काम करते थे। इस हत्या के बाद परिजनों ने रोष जताया। सूचना पाकर थाना सिटी थाना प्रभारी सुरेश कुमार, चौकी नंबर 2 के इंचार्ज कुलदीप सहित जांच एजेंसियां मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके के भी सीसीटीवी खंगाले हैं जिसमें 4 से 5 युवक वारदात के बाद गली से भागते हुए साफ नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
सीसीटीवी फुटेज में हमलावर युवक कैद हो गए है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
-सुरेश, थाना प्रभारी अंबाला सिटी