बदमाशों ने बुजुर्ग पर किया एसिड अटैक
- फोटो : संवाद
हाथी खाना मंदिर के पास रविवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने मंदिर से माथा टेककर लौट रहे वृद्धाश्रम के एक बुजुर्ग को लूटने का प्रयास किया। हद तब हो गई जब विरोध करने पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। इस हमले में बुजुर्ग की बाजू और पेट झुलस गए हैं। झुलसी हालत में उन्हें कैंट के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। वारदात के समय कैंट के अपना घर वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्ग महेश कुमार हाथी खाना मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार दो युवक और एक एक्टिवा सवार युवक उनके पास रुके।
बदमाशों ने बुजुर्ग को पहले तो गर्मी होने की बात बोलकर छोड़ने की बात कही। पीड़ित महेश कुमार ने जब मना किया तो जबरन उन्हें बदमाशों ने अपनी बाइक पर बीच में बैठा लिया। जैसे ही बाइक आगे बढ़ी तो बदमाशों ने बुजुर्ग की जेबें टटोलनी शुरू कर दी।
शोर मचाने पर बाइक से फेंककर डाल दिया एसिड
पीड़ित बुजुर्ग महेश कुमार ने जब लूट का विरोध किया और शोर मचाना शुरू किया तो बदमाश घबरा गए। खुद के फंसने के डर से बदमाशों ने उन्हें चलती बाइक से नीचे फेंक कर ज्वलनशील पदार्थ से हमला कर दिया और उन्हें बाइक से फेंककर भाग गए। सड़क पर गिरते ही बुजुर्ग दर्द से कराहने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
ज्वलनशील पदार्थ के कारण महेश की बाजू से लेकर पेट तक का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वॉर्ड में शिफ्ट किया गया है, जहां उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। फिलहाल पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गई है।