(अंबाला) साहा। बकरी बेचने के बाद जुटाए गए 50 हजार रुपयों को दिनदहाड़े घर में घुसकर दो युवक चुरा ले गए। यह घटना गांव दिनारपुर के रामकरण के घर हुई। हालांकि इस दौरान रामकरण ने दोनों आरोपियों को पहचान लिया। अब पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
साहा पुलिस को दी शिकायत में गांव दिनारपुर के रहने वाले रामकरण बताया कि वह भेड़-बकरी पालने का काम करता है। अंबाला मंडी में अपनी बकरियां बेचकर 50 हजार रुपये घर की अलमारी में रखे थे। 18 जुलाई को दोपहर बाद करीब 3 बजे वह और उसका परिवार आंगन में ही सो रहे थे। उसी समय उसने घर के भीतर अलमारी खुलने की आवाज सुनी। उठकर देखा तो अलमारी को 2 लड़कों ने खोला हुआ था। सामान भी बिखरा पड़ा था। जब उसने उन दोनों लड़कों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी उसे व उसके परिवार के सदस्यों को धक्का देकर फरार हो गए। हालांकि आरोपियों को रामकरण ने पहचान लिया। उनकी पहचान गांव के ही राकेश उर्फ रिकी व प्रिंस के तौर पर हुई। रामकरण ने इस पूरे मामले की शिकायत गांव के सरपंच से की। सरपंच ने पंचायत करके उन दोनों लड़कों व उसके परिजनों को बुलाया लेकिन आरोपी पेश नहीं हुए और अब तक फरार चल रहे हैं।