इनवर्टर और बैटरी सप्लायर से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गृहमंत्री अनिल विज से शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायत में नहान हाउस निवासी हरजिंदर सिंह ने बताया कि वह कंपनी के इनवर्टर और बैटरी सप्लाई करता है। अक्टूबर 2019 में वह ककराली गांव में काम के लिए गया तो वहां मिले आरोपी सूबी राणा ने अपने घर पर इनवर्टर लगाने के लिए कहा था, लेकिन जब उसने 15 हजार का खर्च बताया तो आरोपी ने उल्टे उससे 10 हजार की डिमांड की। साथ ही धमकी दी कि यदि रुपये नहीं देगा तो गांव में आने नहीं देंगे। मना करने पर उसने हाथापाई की और कुल्हाड़ी से भी वार किया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। चौकी नंबर चार में शिकायत के बाद सूबी ने थाने में माफी मांग ली। उसके बाद आरोपी ने दोबारा रोककर 20 हजार रुपये की मांग की। फिर मना करने पर हाथापाई की और बदला लेने की धमकी दी। इसके बाद 4 जुलाई को फोन कर 50 हजार रुपये की मांग की और जान से मारने की धमकी दी। इस पर पीड़ित ने जान का खतरा बताते हुए गृहमंत्री अनिल विज से गुहार लगाई, जिसके बाद केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।