50 batteries reached civil hospital to run e-treatment portal stalled for a month, trial will be held today
- फोटो : Ambala
अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में एक माह से ठप ई-उपचार पोर्टल यानी ऑनलाइन सिस्टम एक बार फिर जल्द ही शुरू हो जाएगा। यूपीएस सिस्टम को दोबारा से चालू करने के लिए अस्पताल में करीब 50 नई बैटरियां मुख्यालय से पहुंची है और उन्हें स्थापित भी कर दिया गया है।
सोमवार को ट्रायल होगा और उसमें कोई परेशानी नहीं आई तो ऑनलाइन सिस्टम को चालू किया जाएगा। अमर उजाला ने मरीजों से जुड़े इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। बता दें कि अस्पताल का यूपीएस व बैटरियां करीब एक माह पहले खराब हो गई थी। यूपीएस दुरुस्त हो गया था लेकिन जो बैटरियां थी उसे बदला जाना था। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन ने मुख्यालय में पत्राचार किया था और कोई सुनवाई न होने पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के संज्ञान में भी मामला डाला गया था।
बावजूद कोई लाभ नहीं मिल पा रहा था। उधर, अस्पताल में ऑनलाइन सिस्टम ठप होने के कारण ओपीडी सहित इमरजेंसी वार्ड में आने वाले मरीजों के पंजीकरण से लेकर कोविड-19 टेस्ट की पर्ची आदि काम भी मैनुअल चल रहा था। जिस कारण मरीजों व उनके तीमारदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी और काफी समय लगता था। यहां तक कि हड्डी रोग विशेषज्ञ पर उपचार करवाने वाले लोगों को अगर एक्सरे के लिए बोला जाता था तो वो एक्सरे रूम की स्क्रीन से ही मोबाइल पर फोटो लेते थे और डॉक्टर को अपना एक्सरे दिखाकर उपचार करवाते थे, जिसके पास मोबाइल नहीं होता था तो उन्हें भटकना पड़ता था।
ई-उपचार यानी ऑनलाइन सिस्टम शुरू करने के लिए 50 नई बैटरियां आ गई है। सोमवार को उसे ट्रायल बेस पर चलाया जाएगा। अगर कोई दिक्कत नहीं आती है तो ऑनलाइन सिस्टम चालू हो जाएगा।
-डॉ. विनय, डिप्टी मेडिकल सुपरीडेंटेड छावनी नागरिक अस्पताल