अंबाला। जरनल कोच के साथ 41 ट्रेनों का संचालन बेशक शुरू हो गया है, लेकिन आज भी मासिक पास धारकों को इनका लाभ नहीं मिल सका। आज भी उन्हें प्राइवेट साधनों व बसों से एक जगह से दूसरी जगह पर जाने के लिए अतिरिक्त रुपये का भुगतान करना पड़ रहा है।
मासिक पास धारकों को उम्मीद जगी थी कि जरनल कोच के साथ ट्रेन संचालित होने के बाद उन्हें भी सफर करने का मौका मिलेगा, लेकिन उनकी यह उम्मीद कब पूरी होगी, इसकी जानकारी न तो विभागीय अधिकारियों के पास है और न ही उनके पास। कोरोना काल यानी 20 मार्च 2020 से ट्रेनों का संचालन पूरी तरह से अचानक बंद कर दिया गया जो जहां था वहीं फंस गया। फिर धीरे-धीरे प्रवासी श्रमिकों को उनके गृह जिला भेजने के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन आरंभ किया गया।
इसके कुछ समय बाद राजधानी ट्रेनों का संचालन आरंभ हुआ और फिर अन्य लंबी दूरी की ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो गया। आम लोगों को राहत प्रदान करते हुए रेलवे ने 10 दिसंबर से छावनी जंक्शन से निकलने वाली 41 ट्रेनों में जरनल टिकट पर यात्रा की सुविधा भी प्रदान कर दी। इस सुविधा को शुरू हुए भी 10 दिन से ऊपर का समय बीत चुका है। अभी तक मासिक पास धारकों को उक्त ट्रेनों में सफर करने की अनुमति प्रदान नहीं की गई है। संवाद