घर के बाहर खेल रही तीन साल की बच्ची की नाले में गिरने से मौत हो गई। घटना शुक्रवार को जिला के गांव सिंघवाला में उस समय हुई जब तीन वर्षीय करीना दोपहर के समय घर के बाहर गली में खेल रही थी। उसके पिता राजू उर्फ गुड्डू दूसरी बेटी को दूध पिला रहे थे। मां घर के काम में लगी हुई थी।
करीना के पिता राजू ने बताया कि हमेशा ही करीना बाहर खेलती रहती थी, इसलिए उन्होंने भी ज्यादा ध्यान नहीं दिया। जब काफी देर तक वह नहीं दिखी तो उन्होंने उसे आसपास तलाशा। जैसे ही उनकी नाले में नजर पड़ी तो करीना नाले में पड़ी थी। उन्होंने अन्य लोगों की मदद से उसको बाहर निकाला। नाले से निकालने के तत्काल बाद परिजन करीना को लेकर शहर के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्ची के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी सदर सुरेश कुमार ने बताया कि शनिवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।