संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार शाम को एक गुब्बारे बेचने वाले व्यक्ति ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से उत्तराखंड के हल्द्वानी (जिला नैनीताल) निवासी बबलू (27) मौजूदा समय में अपनी पत्नी व बच्चों संग कैंट की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में किराए पर रहते थे।
हाउसिंग बोर्ड चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि घटना के समय युवक घर में अकेला था। बबलू की पत्नी सुमन ने बताया कि उनकी 10 वर्ष पहले हल्द्वानी निवासी बबलू के साथ हुई थी। वे पिछले 10 साल से अंबाला छावनी में रह रहे हैं और दो साल पहले ही उन्होंने हाउसिंग बोर्ड में एक कमरा किराए पर लिया था। उनका पति बबलू सुभाष पार्क के आसपास गुब्बारे बेचकर अपना गुजारा करते थे और वह घरों में काम करके परिवार का गुजर बसर करती है।
पत्नी सुमन ने बताया कि बबलू नशे का आदी था और रविवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। झगड़े के बाद वह अपने पति की शिकायत दर्ज करवाने के लिए हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी चली गई। इसी दौरान बबलू ने कमरे में उनकी चुनरी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।
-
आज होगा पोस्टमॉर्टम
हाउसिंग बोर्ड चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बबलू मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। इस कारण उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को कैंट स्थित नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और शनिवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।