अंबाला सिटी। कनाडा भेजने के नाम पर जग्गी कॉलोनी निवासी देवी चंद से 18 लाख 50 हजार की धोखाधड़ी हो गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बेटे को पहले ऑस्ट्रेलिया स्टडी वीजा पर भेजने की बात हुई थी लेकिन आरोपियों ने नहीं भेजा। फिर तय राशि में भी कनाडा भेजने के लिए बोला था। झांसे में लेते हुए सारे पैसे ले लिए। बार-बार पूछने पर टालमटोल करते रहे। पैसे भी नहीं लौटाए। बलदेव नगर थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर पुरुषोत्तम और रचनीत कौर जग्गी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित बोला- चेक भी हुए बाउंस
शिकायतकर्ता सिटी के जग्गी कॉलोनी निवासी देवीचंद ने बताया था कि सिटी के विकास विहार स्थित विश्वास ग्रुप की पार्टनर व मैनेजिंग डायरेक्टर रचनीत कौर जग्गी से फोन पर बेटे को ऑस्ट्रेलिया स्टडी वीजा पर भेजने की बात हुई थी। पहले इनके जरिए की लड़की को यूके भेजा था। बेटे को विदेश भेजने की एवज में आरोपियों ने 18 लाख 50 हजार रुपये की डिमांड की थी।
पहले 11 लाख रुपये और दस्तावेज जमा कराने के लिए बोला था। 14 सितंबर 2023 को कहने पर 11 लाख रुपये दे दिए थे। बाद में आरोपियों ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया का काम नहीं हो रहा है। वह इन्हीं पैसों में कनाडा भेज देंगे। फिर 5 लाख 50 हजार रुपये मांग लिए थे। इस तरह से आरोपियों ने मिलकर उनके 18 लाख 50 हजार रुपये ले लिए थे। पैसे लौटाने के लिए कहा तो टालमटोल करते हुए। जो चेक दिए थे वो भी बाउंस हो गए। अब फोन भी बंद कर दिया।