अंबाला। केंद्रीय कारागार में बुधवार को जेल लोक अदालत का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता सीजेएम एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रवीण ने की। अदालत में 16 मुकदमे रखे गए। जिनमें नियमानुसार तीन मुकदमों का निपटारा किया गया और पांच बंदियों को निर्धारित शर्तो पर रिहा किया। सीजेएम प्रवीण ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष कंचन माही के मार्गदर्शन में प्रति माह जेल लोक अदालत का आयोजन पहले व तीसरे बुधवार को किया जाता है।
इसके अलावा बिजली, पानी इत्यादि संबंधित प्रीलिटिगेशन स्टेज पर मुकदमे स्थायी लोक अदालत मे लगाकर निपटाए जा सकते हैं। स्थायी लोक अदालत, जिला एडीआर केंद्र में स्थापित है और किसी भी कार्यदिवस पर इसके मुकदमे लगा सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जिला न्यायालय व सबडिवीजन नारायणगढ की अदालतों में 14 दिसंबर को किया जाएगा। इसके अतिरिक्त स्थाई लोक अदालत व उपभोक्ता अदालत में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 13 दिसंबर को किया जाएगा।
उन्होंने जनसाधारण से अपील की कि वे अदालत में लंबित मुकदमे और प्रीलिटिगेशन स्टेज पर मुकदमे इस लोक अदालत मे रख कर उनका निपटारा करवा सकते हैं। इससे आपसी समझौते से मुकदमे का निपटारा होने पर भाईचारे की भावना बढती है और लोक अदालत में समझौता हुए मुकदमों की अपील भी नहीं होती जिससे समय और धन की बचत होती है।