अंबाला छावनी के स्टाफ रोड स्थित उपमंडल भवन। संवाद
अंबाला। उपमंडल भवन के भूतल में अव्यवस्थाएं फैली हुई है। यहां पर बने बेसमेंट को डंपिंग जोन बना हुआ है। पिछले कई दिनों से यहां कूडे़ का ढेर लगा हुआ है। इस कूडे़ को आज तक उठाया नहीं गया। इसके साथ ही बेसमेंट में बनाई गई नालियों के ऊपर से लोहे की जालियां तक गायब है। वहीं बेसमेंट में अभी भी पानी जमा है। इस कारण बेसमेंट में वाहन पार्क करने वाले लोग व छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
छावनी में स्टाफ रोड पर करोडों रुपये की लागत से तीन मंजिला उपमंडल भवन बनाया गया है। इसके साथ ही इस भवन के नीचे भूतल बनाकर पार्किंग बना दी गई। जिससे उपमंडल में आने वाले लोगों को इस पार्किंग की सुविधा मिल सके और लोगों के वाहन धूप और बरसात से बचे रहे।
इसके बाद से ही कर्मचारी, छात्र और लोग अपने अपने दो पहिया और चोपहिया वाहन इस भूतल की पार्किंग में खडे़ करते आ रहे हैं। इसके साथ ही एसडीएम कार्यालय के सामने से भूतल में जा रही सीढि़यों के नीचे कूड़े का डंपिंग जोन बनाया दिया गया है। इस कूड़े के ढेर पर कोई भी अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। न ही यहां से सफाई हो रही हैं। इसके अलावा बेसमेंट में बार बार पानी भर जाता है।
जिसे पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों की ओर से निकाला जाता है। अभी भी भूतल में कहीं कहीं पानी भरा हुआ है। बेसमेंट में ही नालियां बनाई गई हैं। इन नालियों के ऊपर लोहे की बड़ी बड़ी जालियां रखी गई थी। लेकिन अब नालियों के ऊपर से कई लोहे की जालियां गायब है।
वर्जन
भूतल में जमा गंदगी की सफाई करवा दी जाएगी और लाेहे की जालियों के बारे में पीडब्ल्यूडी को अवगत करवाकर जानकारी ली जाएगी।
सुनील कुमार, नायब तहसीलदार, अंबाला छावनी।
अंबाला छावनी के स्टाफ रोड स्थित उपमंडल भवन। संवाद