फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिले की मंडियों में पहुंचा 10 हजार 500 मीट्रिक टन धान, खरीद के इंतजार में किसान

विज्ञापन
10 thousand 500 metric tonnes of paddy reached the mandis of the district, farmers waiting for purchase - फोटो : Ambala
विज्ञापन
अंबाला सिटी। जिले की मंडियों में धान की आवक बढ़ गई है। किसानों को खरीद का इंतजार है, लेकिन धान की सरकारी खरीद को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। इस कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। अभी तक जिले की मंडियों में 10 हजार 500 मीट्रिक टन धान पहुंच चुका है। मंडी में हालात यह बनने लगे हैं कि धान रखने के लिए जगह नहीं बच रही है। हालांकि सरकार एक अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद करने का दावा कर रही है। मगर, राइस मिलरों और आढ़तियों के एलान ने किसानों को असमंजस में डाल दिया है।
विज्ञापन

राइस मिलरों का कहना है कि जब तक केंद्र सरकार धान के बदले चावल लेने की वाली पॉलिसी में बदलाव नहीं करती है वह धान के उठान का कार्य शुरू नहीं करेंगे। आढ़तियों ने भी राइस मिलरों का साथ देने का निर्णय लिया है। ऐसे में अब मंडियों में स्थिति बिगड़ी नजर आ रही है। इससे पहले सरकार ने 25 सितंबर से धान खरीद का एलान किया था लेकिन तब खरीद शुरू नहीं हुई थी। अब सरकार एक अक्तूबर से धान की सरकारी खरीद करने की बात कह रही है। जिसे देखते हुए किसान भी मंडी में तेजी के साथ अपना धान लेकर पहुंच रहे हैं। आढ़तियों का कहना है कि अगर सरकार एक दो दिन में राइस मिलरों से सहमति बनाते हुए खरीद का कार्य शुरू नहीं करती है तो आने वाले समय में मंडियों की स्थिति खराब हो जाएगी और उस स्थिति को संभाल पाना स्वयं सरकार के लिए चुनौती होगा।
इस मंडी में इतनी हो चुकी है आवक
शहर की अनाज मंडी में अभी तक 40 हजार क्विंटल से अधिक धान मंडी में पहुंच चुका है। नारायणगढ़ मंडी 40 हजार क्विंटल, शहजादपुर मंडी में करीब 10 हजार क्विंटल, कैंट मंडी में करीब 5 हजार क्विंटल, बराड़ा मंडी में 10 हजार क्विंटल व ऐसे ही अन्य मंडियों की भी स्थिति है जहां पर धान पहुंच रही है और प्रतिदिन किसान अपनी धान मंडी में लाकर उतार रहे हैं।
विज्ञापन

पिछले साल धान खरीद की यह रही स्थिति
मंडी--धान खरीद (मीट्रिक टन)
अंबाला कैंट--40178
अंबाला सिटी--191264
बराड़ा--68769
भरेड़ी कलां--12163
कड़ासन--20579
केसरी--10085
मुलाना--63775
नन्यौला--20905
नारायणगढ़--77907
साहा--62161
सरदेहड़ी--21419
शहजादपुर--38385
तलहेड़ी मंडी--34258
उगाला मंडी--7724
कुल --669472
जिले की 14 मंडियों में मार्केट कमेटी की तैयारियां
1 अक्तूबर से धान की खरीद की सूचना मिलते ही जिले की 14 मंडियों में तैयारियां हो चुकी है। मार्केट कमेटी की ओर किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में टेंट लगवाने, पानी के कैंपर की व्यवस्था करवाने टूटी फूटी सड़कों को ठीक करवाने, पानी की व्यवस्था करवाने में जुट गए हैं। इसके साथ ही जिस मंडी के कंडे खराब थे उन्हें ठीक करवाया जा रहा है और जहां कर्मचारियों की कमी थी वहां पर अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। जिससे कि सीजन में किसी तरह की परेशानी किसानों को न आए।
यह बोले किसान
सरकार ने अगर 25 सितंबर से धान खरीद शुरू करने को कहा था तो उन्हें अपनी जुबान पर रहना चाहिए था और धान की खरीद शुरू करनी चाहिए थी। मगर, स्थिति देखते हुए तो लग रहा है कि 1 अक्तूबर से भी धान की खरीद शुुरू नहीं होती है। अब हम किसानों पर दोगुनी मजदूरी का भार पड़ रहा है।
- अवतार सिंह, किसान।
हम तो सरकार के किसी भी बात पर विश्वास नहीं करते हैं। कभी कहते है कि 25 सितंबर से खरीद होगी तो कभी कहते हैं कि 1 अक्तूबर से होगी। 25 से तो हुई नहीं मगर अब नहीं लग रहा है कि 1 अक्तूबर से भी होगी, क्योंकि अभी तक राइस मिलरों में ही सहमति नहीं बनी है।
- गुरप्रीत सिंह, किसान।
हम तो राइस मिलरों के साथ हैं। जब राइस मिलरों में सहमति बन जाएगी, तब खरीद शुरू हो जाएगी। हमारा काम धान को सुखाने व सफाई करवाने का है, जो किसान अपनी फसल लेकर आ रहे हैं। उनकी फसल की सफाई भी हो रही है भराई भी। अब तो निर्णय सरकार का है।
- दूनी चंद, जिला प्रधान आढ़ती एसोसिएशन।
हमारी राज्य सरकार के साथ बातचीत हुई थी। उनके साथ तो सहमति बन गई है। मगर, केंद्र सरकार ने साथ सहमति नहीं बनी है। जब तक सरकार पुरानी पॉलिसी को लागू नहीं करती है, तब तक धान की खरीद करना संभव नहीं हो सकेगा।
- विनोद अग्रवाल, जिला प्रधान, राइस मिलर एसोसिएशन।
हमने मंडी में धान खरीद को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है। हमारा काम व्यवस्था बनाने का है जिसे
हमने पूरा कर लिया है। सभी कंडों को ठीक करवा दिया है और सक्षम से युवाओं को बुलाया है। 25 में से 15 युवा आ गए हैं बाकी युवाओं को बुलाने के लिए दोबारा पत्र लिखेंगे।
विज्ञापन

- दलेल, सचिव, मार्केट कमेटी अंबाला सिटी।
एक अक्तूबर से धान की खरीद शुरू हो जाएगी। इसको लेकर समय-समय पर बैठकें भी हो रही है।
बाकी जैसे-जैसे सरकार की ओर से आदेश आते जाएंगे। उसी के अनुसार काम किया जाएगा।
- राजेश्वर मुद्गिल, डीएफएससी, अंबाला।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें