दीवाली और छठ पर रेलवे यात्रियों को सुरक्षित घर तक पहुंचाएगी। इसके लिए रेलवे ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। स्पेशल ट्रेनों में आरपीएफ व जीआरपी की लगभग 10 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कर्मचारियों को भी सुरक्षा के किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है। विभागीय अधिकारी खुद भी हालात का जायजा ले रहे हैं। सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सजग व चौकस रहने की नसीहत दी गई है।
बता दें कि त्योहारी सीजन आते ही बिहार की तरफ जाने वाली ट्रेनों में नशाखुरानी गिरोह सक्रिय हो जाता है। इस गिरोह के बदमाश रेल यात्रियों को नशे का सामान खिलाकर लूट लेते हैं। हालांकि अभी नशाखुरानी को लेकर कोई भी मामला सुुरक्षा एजेंसियों के संज्ञान में नहीं आया है। इसके बावजूद आरपीएफ की सीआईबी टीम सहित अन्य खुफिया एजेंसियां लगातार शरारती तत्वों पर निगरानी रखे हुए हैं।
मेरी सहेली टीम कर रही महिलाओं से संवाद
महिला सुरक्षा कर्मचारियों को ट्रेन में सफर करने वाली अकेली महिला यात्रियों से संवाद कर समस्या समाधान के निर्देश दिए गए हैं। इस कड़ी में आरपीएफ की मेरी सहेली टीम भी सराहनीय कार्य कर रही है। त्योहारों पर घर लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों को ट्रेन में व्यापक सुरक्षा देने पर विशेष ध्यान केंद्रित रहेगा। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ पूरी तरह से तैयार है।
पटाखों और ज्वलनशील पदार्थ की तरफ ध्यान
उत्सव के उत्साह में ट्रेनों की भीड़ का अनुचित लाभ उठाकर कहीं कोई यात्री अपने साथ ज्वलनशील पदार्थ या पटाखे लेकर तो यात्रा नहीं कर रहा, इसे लेकर रेलवे ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यात्रा के वक्त किसी प्रकार का विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ लेकर ट्रेन में प्रवेश करना अनुचित व खतरनाक ही नहीं, दंडनीय अपराध भी है। खासकर त्योहारी सीजन में ऐसी लापरवाही बिल्कुल न हो, इस पर निगाह रखने और यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है।
सुरक्षा पर विशेष ध्यान
दीवाली और छठ पर्व पर यात्रियों की काफी भीड़ हो जाती है। इस कारण आरपीएफ की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। त्योहारों को देखते हुए सभी आरपीएफ कर्मचारियों को विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ट्रेनों में अकेली सफर करने वाली महिला यात्रियों से भी संवाद किया जा रहा है, ताकि उन्हें कोई समस्या न हो।
-नीतीश कुमार, वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त, अंबाला मंडल।