हरियाणा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड को सीएनजी का भुगतान न करने पर सेक्टर-29 के सीएनजी पंप पर दोबारा से ताला लटक गया है। खास बात ये है कि इस बार पंप को सील करने की कार्रवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर की गई है। इस पंप के बंद होने से वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है।
हरियाणा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड के एमडी सतीश चोपड़ा बताते हैं कि सेक्टर-29 के पंप पर सात जनवरी तक करीब साढ़े आठ करोड़ रुपये का बकाया हो गया था। इससे पहले सितंबर, 2013 को भी यह पंप बकाया राशि का भुगतान न करने की वजह से सील कर दिया गया था।
पंप संचालक ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अर्जी दाखिल की थी, जिस पर माननीय हाईकोर्ट ने सीएनजी का भुगतान सही समय पर करने का निर्देश देते हुए पंप खोलने की इजाजत दे दी थी।
सेक्टर-29 पंप पर अगस्त, 2013 तक करीब पौने छह करोड़ रुपये की राशि बकाया थी। सात जनवरी तक यह बकाया राशि साढ़े आठ करोड़ हो गई। ऐसे में माननीय हाईकोर्ट के निर्देश पर इस पंप को सील कर दिया गया है।
समझौते की कोई संभावना नहीं
सेक्टर-29 पंप की बकाया राशि के भुगतान को लेकर समझौते की किसी भी संभावना से स्पष्ट इनकार किया जा रहा है। सतीश चोपड़ा का कहना है कि सीएनजी का भुगतान सीधे गेल को किया जाता है। पहले भी एक बार सेक्टर-29 पंप से सीएनजी का भुगतान न होने के कारण गेल ने शेष सभी पंपों पर सप्लाई रोक दी थी। ऐसे में जब तक पूरी बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक इस पंप के दोबारा शुरू करने को लेकर स्थिति स्पष्ट कर पाना मुश्किल है।
वाहन चालकों को खासी परेशानी
पंप बंद हो जाने के बाद अब वाहन चालकों के लिए केवल सेक्टर-22, 44 और 53 का ही सीएनजी स्टेशन उपलब्ध रह गया है। हालांकि सेक्टर-12 स्थित रोडवेज वर्कशॉप में भी सीएनजी स्टेशन है, लेकिन यहां केवल बसों में ही गैस भरी जाती है। वाहनों के बढ़ते दबाव की वजह से लोगों को पहले ही सीएनजी भरवाने में खासी परेशानियां आती थीं। अब एक पंप बंद हो जाने के बाद यह मुश्किलें और अधिक बढ़ गई हैं।
पंप संचालक ने किया फोन स्विच ऑफ
सेक्टर-29 सीएनजी पंप के संचालक मनोज गुप्ता ने 10 सितंबर, 2013 को पत्रकारवार्ता में स्पष्ट किया था कि रोज आने वाली कलेक्शन पहले अपने खाते में जमा करते और उसके बाद आरटीजीएस के माध्यम से राशि कंपनी को जमा करा दी जाती। इसके बाद भी यह स्थिति उत्पन्न होने के कारणों पर जब उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया तो फोन स्विच ऑफ मिला।