गांव बड़वासनी में मामूली कहासुनी में एक युवक ने दूसरे पर घर में घुसकर
तेजाब फेंक दिया। तेजाब के असर से सतीश गंभीर रूप से झुलस गया।
उसे
उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़ित के बयान पर पुलिस ने
आरोपी अशोक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे काबू कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत
में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गांव
बड़वासनी निवासी सतीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रविवार देर
शाम अपने घर के पास खड़ा था। इसी दौरान गांव का ही अशोक आया और उनके घर के
सामने लघुशंका करने लगा। उसने जब इसका विरोध किया तो आरोपी युवक बिफर गया।
उस समय वह वहां से चला गया और कुछ देर बाद हाथ में तेजाब की शीशी लेकर आया।
आरोपी ने उनके घर में घुसकर उस पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया, जिससे वह
बुरी तरह से झुलस गया।
मामले के जांच अधिकारी दलबीर ने बताया कि
आरोपी युवक अशोक को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत
में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने
बताया कि शुरुआती जांच में पाया है कि आरोपी ने तेजाब की एक छोटी बोतल घर
पर काफी दिनों से छुपा रखी थी। सतीश के साथ बहस हुई तो उसने बदले की भावना
के चलते तेजाब फेंक दिया।