अधिकारियों को मिलेगी आरटीआई की ट्रेनिंग
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा राज्य सूचना आयोग अब आरटीआई से जुड़ी शिकायतों के जल्द निपटारे और अधिकारियों को प्रक्रिया की बेहतर समझ देने पर फोकस करेगा। मुख्य सूचना आयुक्त टीवी एसएन प्रसाद ने पंचकुला दफ्तर में प्रेस वार्ता में बताया कि अगले महीने करीब 25 हजार स्टेट पब्लिक इंफॉर्मेशन ऑफिसर्स (एसपीआईओ) को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण आयोग के सभागार के साथ सभी जिलों में होगा और इसमें सरपंचों को भी शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों से इसका फीडबैक भी लिया जाएगा।
आयोग सुनवाई की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाने के लिए हाइब्रिड व्यवस्था को बढ़ाएगा। करीब 100 मामलों में हाइब्रिड सुनवाई होगी, जबकि मुख्य सूचना आयुक्त की अदालत में सुनवाई पूरी तरह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कराने की व्यवस्था की जाएगी। इससे दूर बैठे लोग, खासकर महिलाएं, घर से ही सुनवाई में शामिल हो सकेंगी। हालांकि इच्छुक पक्ष आयोग में पहुंचकर भी पेश हो सकेंगे।