कुरुक्षेत्र में वकील के घर में तीन करोड़ की लूट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी कमल को वकील के घर का हर कोना पहले से पता था। मार्च में हुई चोरी के दौरान वह घर के अंदर की स्थिति, कमरों, तिजोरियों और आने-जाने के रास्तों को देख चुका था।
कुरुक्षेत्र के सेक्टर-7 में अधिवक्ता के घर हुई करीब तीन करोड़ रुपये की लूट की वजह भी इसी घर की तिजोरी बनी। चार दिन की जांच के बाद पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पानीपत निवासी कमल व प्रिंस तथा सोनीपत निवासी साहिल और अंश जैन उर्फ लाला शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से 5.50 लाख रुपये बरामद किए हैं।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने सोमवार को बताया कि अधिवक्ता बलवंत सिंह वालिया के घर छह अगस्त की रात बदमाशों ने उन्हें और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन और मूर्तियां लूट ली थीं। आरोपी जाते समय लाइसेंसी रिवॉल्वर की गोलियां भी ले गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी कमल इससे पहले 20 मार्च को भी इसी घर में चोरी कर चुका था। उस दौरान घर में रखी दो तिजोरियां नहीं खुल सकी थीं। तिजोरी में सामान होने की जानकारी और घर की पूरी स्थिति पता होने के कारण कमल ने दोबारा वारदात की योजना बनाई। उसने चार अगस्त से साथियों के साथ घर की रेकी की और छह अगस्त को हथियारों के बल पर लूट को अंजाम दिया।
विज्ञापन
300 किलोमीटर में सीसीटीवी फुटेल खंगाल आरोपी तलाशे
वारदात के बाद आरोपियों ने कार पर नंबर नहीं लगाया था और कैमरे तोड़ दिए थे। पुलिस टीमों ने जीटी रोड पर 300 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर टीम की तकनीकी जांच के बाद आरोपियों की पहचान हुई और उन्हें अंबाला के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। कमल पर करीब 10 संगीन मामले दर्ज हैं।
घर का हर कोना पता था, जगह बदलते रहे
आरोपीपुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमल को वकील के घर का हर कोना पहले से पता था। मार्च में हुई चोरी के दौरान वह घर के अंदर की स्थिति, कमरों, तिजोरियों और आने-जाने के रास्तों को देख चुका था।
इसी जानकारी का इस्तेमाल उसने लूट में किया। वारदात के बाद आरोपियों ने एक जगह रुकने के बजाय लगातार ठिकाने बदले। लूट का सामान लेकर वे पहले अपने घर पहुंचे और सामान ठिकाने लगाया। इसके बाद कभी पंजाब तो कभी अंबाला की ओर जाते रहे। पुलिस की टीमें लगातार उनका पीछा करती रहीं।