एमपी बालिका इंटर कॉलेज में साइबर अपराध के बारे में छात्राओं को जानकारी देते एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर।
- फोटो : अमर उजाला।
पढ़ाई के दौरान हुई दोस्ती जीवनभर चलेगी, ऐसा हमेशा नहीं होता। इस दौरान आप अपनी सहेली, दोस्त को भरोसे में व्यक्तिगत जानकारी, तस्वीरें दे देते हैं, जिनका बाद में दुरुपयोग होने का खतरा रहता है। अक्सर ऐसे केस सामने भी आते हैं, जिसमें रिश्तों में खटास पड़ने पर दोस्ती के समय दी गई तस्वीर को वायरल कर ब्लैकमेल किया जाता है। इसलिए ऐसे व्यक्तिगत तस्वीरों को साझा करने से बचना चाहिए।
ये बातें एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बुधवार को एमपी बालिका इंटर कॉलेज में कहीं। वह गोरखपुर पुलिस की ओर से नए साल में साइबर अपराध से लोगों को जागरूक करने की मुहिम की शुरुआत के अवसर पर बोल रहे थे। एसएसपी ने वर्तमान में साइबर अपराधों के तरीकों से छात्राओं को अवगत कराया। बताया कि आप के दुश्मन भी पहले दोस्त ही रहते हैं। जब किसी बात पर रिश्तों में खटास आ जाती है तो लोग एक दूसरे को बदनाम करने के लिए तस्वीरों को वायरल कर देते हैं।
एसएसपी ने सुरक्षा प्रबंधों के बारे में छात्राओं को जागरूक किया। साइबर अपराध थाना जनपद गोरखपुर के हेल्पलाइन नंबर 7839876674, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, राष्ट्रीय साइबर हेल्प लाइन पोर्टल
https://www.cybercrime.gov.in आदि के बारे में जानकारी दी।