सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र के खैरी ऊर्फ झुंगहवा में बुधवार शाम युवक अपने तीन बच्चों के साथ बूढ़ी राप्ती नदी में कूद गया। उस दौरान गांव के कई लोग नदी के किनारे एक युवक के अंतिम संस्कार के लिए जुटे थे। घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने युवक और बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास किया, पर वे नाकाम रहे। युवक और तीनों बच्चे लापता हो गए।
घटना बुधवार शाम करीब छह बजकर 45 मिनट की है। ग्रामीणों के मुताबिक, अंतिम संस्कार के समय राजन पुत्र लल्लू अपने बेटे राज (7) पतलू (5) और प्रेम (3) के साथ वहां पहुंचा और तीनों के साथ बूढ़ी राप्ती नदी में कूद गया। मौके पर मौजूद लोग यह देखकर दंग रह गए। कुछ लोग शोर मचाते हुए उस ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों के अनुसार, युवक के कूदने के बाद चारों को बचाने के लिए कई लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने देखा कि कुछ दूरी पर जाकर डूब रहे राजन ने बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई। गांव के निवासी मंगरू ने बताया कि डूबते युवक को देखकर उन्होंने उसे बचाने के लिए नदीं में छलांग लगा दी। पर वह उसे बचा पाने में असफल रहे। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने डूबे युवक के बारे में जानकारी ली और मामले में सुबह आगे की कार्रवाई करने की बात कहकर वापस चली गई।
फिलहाल डूबे युवक और तीन बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की ओर से कोई कोशिश नहीं की गई। एसएचओ ढेबरूआ ब्रह्मानंद गौड़ ने बताया कि युवक के कूदने का मामला सामने आया है। उसके साथ बच्चे थे, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।