देवरिया जिले के खुखुंदू थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव निवासी एक 25 वर्षीय युवक दो दिन पूर्व सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थिति गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे शनिवार की शाम को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर किया। हालांकि खलीलाबाद में युवक ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर गांव चले आए। यहां स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, जैतपुरा निवासी मृतक सत्येन्द्र कुमार कुशवाहा (25) दो दिन पूर्व अपने बाइक से भागलपुर किसी से निकला। बताया जा रहा है कि वह अभी मुसैला- मईल मार्ग पर महुई के समीप पहुंचा था कि सामने से आ रही बाइक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया।
सत्येन्द्र की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन गोरखपुर एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराए। हालांकि हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी। शनिवार की शाम को मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने भी जवाब दे दिया और पीजीआई लखनऊ ले जाने की सलाह दी।
परिजन सत्येन्द्र को पीजीआई लेकर जा रहे थे। इसी बीच खलीलाबाद के पास उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों बाइक थाने में है। दूसरे बाइक सवार घायल के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिली है।