नहीं उजाड़े जाएंगे गरीबों के आशियाने
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी लेकिन गरीबों के आशियाने नहीं उजाड़े जाएंगे। पहले पेशेवर माफिया व अपराधी सत्ता का संरक्षण प्राप्त कर सरकारी सार्वजनिक, गरीबों व व्यापारियों की जमीन पर कब्जा करते थे। इसके खिलाफ एंटी भू माफिया टास्क फोर्स का गठन किया गया। अब तक पेशेवर माफियाओं से 2500 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है किसी भी गरीब की झोपड़ी तब तक नहीं हटाएंगे जब तक उसे आवास न उपलब्ध करा दिया जाए।
यदि भूमि आरक्षित श्रेणी की नहीं है तो गरीब को वहीं पट्टा दे दिया जाए। यदि आरक्षित श्रेणी की है तो उसे अन्यत्र आवास उपलब्ध कराया जाए। ऐसे ही स्ट्रीट वेंडर के सुव्यवस्थित पुनर्वास व स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए हैं। एंटी भू माफिया की कार्रवाई पेशेवर माफिया के लिए है गरीबों के प्रति नहीं। गरीबों के प्रति संवेदना होनी चाहिए। सीएम ऑफिस का ट्विटर हैंडल हैक होने के सवाल पर सीएम ने कहा कि एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं।
महाअष्टमी व रामनवमी की प्रदेश वासियों को दी बधाई
पूर्व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं राज्यसभा सदस्य शिव प्रताप शुक्ला, गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर सीताराम जायसवाल, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह के साथ नगर निगम में बनाए गए बूथ पर मतदान करने के बाद सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को वासंतिक नवरात्र, महाअष्टमी व रामनवमी की बधाई व शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कल रामनवमी की तिथि पर प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मनाने के लिए अयोध्या में विशेष समारोह होंगे। शासन ने संतों के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के विशेष निर्देश दिए हैं।