कार्य की हो नियमित समीक्षा, गुणवत्ता की टीएसी जांच-योगी
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति जानने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय के मॉडल का अवलोकन किया और अधिकारियों के साथ मौके पर ही समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने समयबद्ध निर्माण न होने पर जिम्मेदारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कमिश्नर व डीएम से कहा कि कार्य की नियमित समीक्षा करते रहें। साथ ही निर्माण के गुणवत्ता की टीएसी जांच भी कराएं। इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए कि आयुष विश्वविद्यालय के वास्तु में भारतीयता दिखे। इस अवसर पर आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो एके सिंह, एडीजी अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीआईजी जे रविन्द्र गौड़, डीएम विजय किरन आनंद, एसएसपी डॉ विपिन टाडा व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने किया था आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास 28 अगस्त 2021 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने किया था। 199980.72 वर्गमीटर क्षेत्र में बन रहे इस विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन, अस्पताल, पुस्तकालय, प्रेक्षागृह, संग्रहालय, मोर्चरी, बालक एवं बालिका छात्रावास के अलावा कुलपति व अन्य स्टाफ के लिए आवासीय भवन बनाए जाने हैं। आयुष विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के पाठ्येत्तर गतिविधियों के लिए तीन स्पोर्ट्स फील्ड भी बनाए जाएंगे।