कोरोना संक्रमण ने न सिर्फ लोगों में रोग प्रतिरोधक क्षमता को कम किया है बल्कि मरीजों की हड्डियों को भी नुकसान पहुंचाया है। इसके संक्रमण से हड्डियां कमजोर हो रही हैं। घुटने में सूजन हो रही है। मरीजों को गठिया हो रहा है। इस समय अस्पतालों में काफी संख्या में कोरोना संक्रमित होने वाले मरीज घुटने व कमर दर्द की शिकायत लेकर आने लगे हैं।
ज्यादातर मरीजों का कहना है कि कोरोना संक्रमण तो ठीक हो गया है लेकिन अब उनके घुटने में दर्द होने लगा है। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अतुल्य चौधरी ने बताया कि कोरोना एक वायरल संक्रमण है। घुटनों पर इसका असर होता है। इसके संक्रमण से सायनोवाइटिस हो रहा है। इस बीमारी में घुटनों के अंदर सायनोवियम (छल्ला) में सूजन होती है। इसमें बेतहाशा दर्द होने लगता है।
स्टेरॉयड का बढ़ा साइड इफेक्ट
कोरोना के इलाज के दौरान मरीजों को बड़े पैमाने पर स्टेराइड दिया गया। इस स्टेरॉइड के साइड इफेक्ट है। यह शरीर में तेजी से कैल्शियम के स्तर को कम करता है। इससे हड्डियां कमजोर होती हैं। बीआरडी मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित मिश्रा ने बताया कि मरीजों में एवैस्कुलर नैक्रोसिस (एवीएन) के मामले बढ़े हैं। बड़ी संख्या में मरीज कमर दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।