गोरखपुर जिले के झंगहा क्षेत्र के राजधानी गांव में एक महिला की संदिग्ध हालात में खेत के किनारे लाश मिली है। मौत की वजह जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, गांव वालों में चर्चा रही कि महिला की मौत करंट लगने से हुई है। जिस खेत के पास महिला का शव मिला उसके मालिक ने फसल को जानवरों से बचाने के लिए तार में करंट छोड़ रखा था।
जानकारी के मुताबिक, राजधानी गांव की गायत्री देवी (50) शुक्रवार को खेत के मेड़ से कहीं जा रही थीं। अचानक वह गिरीं और मौत हो गई। दिन में करीब दस बजे गांव के लोगों ने उन्हें खेत में गिरा देखकर शोर मचाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया गया कि गायत्री देवी के पति की मौत हो चुकी है। उनका 27 वर्षीय बड़ा बेटा कैंसर की बीमारी से पीड़ित है। झंगहा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार अवस्थी ने बताया कि गायत्री की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चलेगा। अगर बिजली की चपेट में आने से मौत हुई होगी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजधानी बिजली उपकेंद्र के अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जिस जगह महिला का शव मिला है, वहां पर बिजली का पोल और तार नहीं है। यदि कोई कटिया लगाकर खेत के चारों तरफ बिजली फैलाया होगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।