गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र के फत्तेपुर के पास ट्रक की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं उसके पति व भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुई यह महिला अपने भाई के साथ पति का इलाज कराकर मेडिकल कॉलेज से लौट रही थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर में तिवारीपुर थाना क्षेत्र के डोमिनगढ़ निवासी मीरा देवी (40) अपने भाई बीरबल निवासी कजरहवा थाना चिलुआताल के साथ बाइक से पति रामरेखा साहनी को इलाज कराने मेडिकल कॉलेज लेकर आई थी।
इलाज कराकर वापस जाते समय चिलुआताल थाना क्षेत्र के फत्तेपुर मुहल्ले के पास इनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने टैंपो से घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा।
डॉक्टरों ने मीरा देवी को मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा पति व भाई का उपचार चल रहा है। चालक हिरासत में है जबकि ट्रक को पुलिस ने कब्जे में लिया है।