उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी रेलवे स्टेशन के पश्चमी आउटर के समीप शुक्रवार सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और गोद में मौजूद बच्ची की मौत हो गई, जबकि साथ में चल रहा तीन वर्षीय बालक गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल बालक को इलाज के लिए जीआरपी ने जिला अस्पताल भेजा है। तीनों रेलवे डाउन ट्रैक पार कर रहे थे तभी ट्रेन की चपेट में आ गए। उनकी पहचान नहीं हो पाई है। रेलवे पुलिस की माने तो महिला बच्चों के साथ रेलवे स्टेशन के आसपास रहती थी। वह स्टेशन और नगर क्षेत्र में घूम कर लोगों की मदद से जीवकोपार्जन करती थी। शव को कब्जे में लेकर जीआरपी उनकी शिनाख्त करने में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, भटनी रेलवे स्टेशन के पश्चमी छोर रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार सुबह एक महिला मासूम बच्ची को गोद में तथा तीन वर्षीय बच्चे को अंगुली पकड़कर डाउन ट्रैक पार कर रही थी। तभी गोरखपुर की ओर से आ रही एक ट्रेन की चपेट में तीनों आ गए। जिसमें महिला और मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालक दूर गिरकर बेहोश हो गया।
घटना के बादल मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं सूचना पर रेलवे स्टेशन पर मौजूद रेलवे पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंच बालक को सीएचसी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने नाजुक हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं जीआरपी मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बाबत जीआरपी एसओ मुस्ताक अहमद ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला और मासूम की मौत हुई है। महिला स्टेशन और नगर क्षेत्र में भ्रमण कर अपना जीवकोपार्जन करती थी। तीनों की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे है।