उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के रामजानकी नगर नया टोला में बृहस्पतिवार को घर के कमरे में ही रिटायर रेलकर्मी वीरेंद्र सिंह की पत्नी चंदा (62) और उनके नाती नैतिक (14) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घर में शव मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। फर्श पर खून फैला हुआ था। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
हत्या की सूचना पर एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ तीन थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। हत्या के वक्त घर में मौजूद बहू रचना को पुलिस ने हिरासत में लिया है जबकि बेटा विशाल फरार है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद में हत्या किए जाने की बात ही सामने आई है। मगर देर रात तक कोई तहरीर नहीं पड़ी थी।
एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने बताया कि बुजुर्ग महिला और उनके नाती की हत्या की गई है। महिला और उनके पति के बीच विवाद था। तीन दिन पहले समझौता हुआ था, जिसके बाद महिला घर में रहने को आई थी। मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही इसका पर्दाफाश कर लिया जाएगा।