गोलघर को सजाने व संवारने की पहल करते हुए नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को व्यापारियों के साथ एक बैठक आयोजित की, जिसमें शहर के 26 व्यापारी संगठनों ने इसमें भाग लिया। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि गोलघर से अतिक्रमण हटाकर इसे कनॉट प्लेस की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने व्यापारियों से सहयोग मांगा।
मेयर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शाम चार बजे से छह बजे तक चली बैठक में पार्किंग का मुद्दा व्यापारियों ने उठाया। मेयर ने बताया कि नगर निगम अपने खाली मैदान में पार्किंग के लिए अगले दो से तीन दिनों में टेंडर फइनल कर देगा। व्यापारियों ने कुछ प्रमुख बाजारों और मार्गों से अतिक्रमण हटाने की मांग की।
कहा कि तय हुआ था कि गोलघर की दुकानों के सामने संबंधित व्यापारी एक लेन में दो पहिया वाहन खड़े कर सकेंगे। मगर, दुकानदारों के वाहनों का भी चालान कर दिया जा रहा है। मेयर ने इसके लिए यातायात विभाग के जिम्मेदारों से बात करने का भरोसा दिया।
इसे भी पढ़ें: सहजनवां-दोहरीघाट रेल मार्ग, सरयू नदी पर पुल का टेंडर फाइनल होने के बाद तय होगी शिलान्यास की तारीख
बताया कि विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास भूमि उपलब्ध होने पर नए शौचालय बनाए जाएंगे। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के विभिन्न स्थलों पर चार आटो स्टैंड की निविदा कर दी गई है। 12 स्थानों पर पार्किंग की जगह चिन्हित कर ली गई है।
इस दौरान सभी जोनल अधिकारी, जोनल सफाई निरीक्षक के साथ ही व्यापारी नेता अभिषेक शाही, विनय कुमार राय, योगेंद्र नाथ दूबे, गौरी शंकर, प्रवीण जालान, आरएन सिंह, एसए रहमान, नीतिश कुमार, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, कार्तिकेय तिवारी आदि व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।