शिकायत के आधार पर सीबीआई ने इस मामले में प्राथमिक जांच पड़ताल कर केस दर्ज कर लिया। 12 सितंबर को प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक केसी जोशी को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। तीन दिन तक रिमांड पर रखने के बाद सीबीआई ने उन्हें जेल भेज दिया।
इसे भी पढ़ें: मेरी मौत का जिम्मेदार मेरा प्रेमी: मुझे माफ करना, मैं मुंह दिखाने लायक नहीं...सुसाइड नोट लिख छात्रा ने दी जान
सोमवार को अचानक दिल्ली से विजिलेंस टीम यहां पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, टीम दोपहर 12 बजे गोरखपुर पहुंची। यहां किसी को भनक नहीं लगी। टीम ने सबसे पहले स्टोर डिपो पहुंचकर दस्तावेजों को खंगाला। यहां से कुछ दस्तावेजों को अपने साथ लेकर टीम प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक (पीसीएमएम) कार्यालय आई और यहां भी दस्तावेजों का निरीक्षण किया।
यहां के बाद टीम सूक्ति इंटरप्राइजेज फर्म के कार्यालय पहुंची और कर्मचारियों से कुछ भी सवाल पूछे। इसके साथ ही कोविड के समय स्टोर डिपो को आपूर्ति की गई वस्तुओं की जानकारी ली और उससे संबंधित पेपर भी देखे। रात में रेलवे के कुछ अधिकारियों के साथ मीटिंग की भी सूचना है।