गोरक्षनगरी से चलने वाली हाई सेमी स्पीड ट्रेन वंदेभारत एक्सप्रेस अब प्रयागराज तक जाएगी। रेलवे बोर्ड ने लखनऊ से रायबरेली के रास्ते प्रयागराज तक के विस्तार को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके बाद रेल प्रशासन ट्रेन की समय सारिणी को अंतिम रूप देने में जुट गया है। उम्मीद है कि इसी माह ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा।
गोरखपुर से लखनऊ के बीच वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होने के बाद से ही प्रयागराज, वाराणसी और पटना के लिए भी वंदेभारत ट्रेन चलाने की मांग होने लगी थी। पूर्वोत्तर रेलवे ने गोरखपुर से नई दिल्ली, प्रयागराज, वाराणसी और पटना तक ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा था। रेलवे बोर्ड ने लखनऊ और गोरखपुर के बीच चलने वाली वंदेभारत को ही लखनऊ से प्रयागराज के बीच विस्तार देने का निर्णय लिया है।
गोरखपुर से लखनऊ जाने वाली वंदेभारत ही प्रयागराज तक जाएगी। वहां से वापस लखनऊ होकर गोरखपुर लौटेगी। यह ट्रेन गोरखपुर से सुबह अयोध्या होकर लखनऊ जाएगी। इसके बाद लखनऊ से रायबरेली के रास्ते प्रयागराज पहुंचेगी। ट्रेन का नया स्टॉपेज रायबरेली स्टेशन होगा। अभी लखनऊ तक चलने वाली ट्रेन बस्ती और अयोध्या स्टेशन पर रुकती है।
इसे भी पढ़ें: सात ज्योतिर्लिंगों का दर्शन कराने कल रवाना होगी भारत गौरव ट्रेन