प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2021 के लिहाज से ऑनलाइन आवेदन के लिए चार दिन का और मौका है। प्रदेश के समस्त संबद्ध राजकीय, अनुदानित एवं निजी क्षेत्र के पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए इच्छुक अभ्यर्थी
jeecup.nic.in पर 15 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
सूबे में 147 राजकीय पॉलीटेक्निक, 19 सहायता प्राप्त और 1200 से अधिक स्ववित्तपोषित पॉलीटेक्निक संस्थान हैं। गोरखपुर में ही तीन सरकारी और एक अनुदानित पॉलीटेक्निक में करीब सात हजार से अधिक सीटें हैं। प्रवेश परीक्षा का समय फिलहाल परिषद ने घोषित नहीं किया है।
परिषद की ओर से प्रयोग के तौर पर पिछले वर्ष ग्रुप ए के इंजीनियरिंग और ग्रुप ई के फार्मेसी में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने की वजह से केवल इन दोनों ग्रुप की ही प्रवेश परीक्षा को ऑफलाइन मोड में कराया था।
ग्रुप बी, सी, डी, एफ, जी, एच, आई और के की प्रवेश परीक्षा को ऑनलाइन मोड में कराया गया था। प्रवेश परीक्षा की सफलता को देखते हुए परिषद ने इस बार सभी ग्रुप की परीक्षा को ऑनलाइन मोड में कराने का फैसला किया है। यानी ग्रुप ए से के तक की परीक्षा ऑनलाइन होगी।