गोरखपुर जिले के सभी 20 ब्लॉकों के अलावा नगर निगम में एक वीआईपी बूथ बनाया गया था। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बतौर नगर विधायक मतदान किया। उनके अलावा वहां सांसद रवि किशन, राज्य सभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला, जय प्रकाश निषाद, विधान परिषद सदस्य व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद, विधायक विपिन सिंह, मेयर सीताराम जायसवाल व सभी पार्षदों ने भी नगर निगम में बने बूथ पर मतदान किया। वहीं, कई अन्य विधायकों ने अपने विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले ब्लॉकों पर बने बूथों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
देर रात तक स्ट्रांग रूम में जमा होती रहीं मतपेटिकाएं
एमएलसी चुनाव के लिए चार बजे मतदान समाप्त होने के करीब दो घंटे बाद से ही गोरखपुर कचहरी क्लब ग्राउंड में बने स्ट्रांग रूम में मतपेटिकाओं के साथ पोलिंग पार्टियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देर रात तक वहां मतपेटिकाएं रखी गईं और फिर स्ट्रांग रूम सील कर दिया गया। नगर निगम समेत नजदीक के ब्लॉकों की पोलिंग पार्टियां सबसे पहले पहुंचीं जबकि महराजगंज के कुछ ब्लॉकों की पोलिंग पार्टियों के यहां पहुंचने में रात के करीब 12 बज गए। मतपेटिकाओं के स्ट्रांग रूम में रखने और सील करने के दौरान आरओ व डीएम विजय किरन आनंद, एआरओ व एडीएम फाइनेंस राजेश कुमार सिंह समेत कई प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए बड़ी संख्या में फोर्स लगाई गई है। सीसीटीवी से भी इसकी निगरानी की जाएगी। 12 अप्रैल को कचहरी क्लब ग्राउंड में ही मतों की गिनती भी होगी।