आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा जन विश्वास यात्रा निकालकर ताकत का एहसास कराएगी। यात्रा हर विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। बड़े नेता, मुख्यमंत्री व मंत्री क्षेत्रों में डेरा डालेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही 19 दिसंबर को गोरखपुर क्षेत्र की यात्रा की शुरुआत बलिया से करेंगे। यात्रा के दौरान मऊ व देवरिया में दो बड़ी रैलियां होंगी। महराजगंज व बस्ती में दो बड़ी जनसभाएं होंगी। गोरखपुर में रोड शो होगा।
गोरखपुर, बस्ती और आजमगढ़ मंडल से जुड़े दस जिलों में विधानसभा की 62 सीटें हैं। यह भाजपा गोरखपुर क्षेत्र का हिस्सा है। अब जन विश्वास यात्रा का अंतिम शेड्यूल जारी कर दिया गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा का समापन 3 जनवरी 2022 को बस्ती में होगा। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री व बस्ती से सांसद हरीश द्विवेदी के साथ राज्यसभा सदस्य जय प्रकाश निषाद यात्रा की अगुवाई करेंगे। हर विधानसभा में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा की शुरुआत, रैली व जनसभा की जिम्मेदारी बड़ी नेताओं को मिली है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। गोरखपुर क्षेत्र में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आना है। बड़े नेता जिलों में रात्रि विश्राम भी करेंगे। इसके जरिए संगठन व कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा जाएगा।
गोरखपुर क्षेत्र में जन विश्वास यात्रा के दौरान प्रस्तावित रैली, जनसभा व सभा
21 दिसंबर : मऊ के घोसी में बड़ी रैली। आजमगढ़ के लालगंज में रोड शो भी होगा।
22 दिसंबर : आजमगढ़ शहर में रोड शो।
24 दिसंबर : देवरिया के सलेमपुर में बड़ी रैली। देवरिया में रोड शो भी होगा।
25 दिसंबर : देवरिया में मोटर साइकिल रैली निकाली जाएगी। गोरखपुर के बांसगांव में सभा होगी।
26 दिसंबर : गोरखपुर में रोड शो व गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन।
27-28 दिसंबर : कुशीनगर और पडरौना में सभा।
30 दिसंबर : महराजगंज के फरेंदा में बड़ी सभा होगी।
31 दिसंबर : सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़, इटवा, डुमरियागंज व बांसी में सभा होगी।
01 जनवरी : संतकबीरनगर के खलीलाबाद में बड़ी जनसभा।
02 जनवरी : संतकबीरनगर के धनघटा में सभा, बस्ती के महादेवा (सुरक्षित), हरैया, कप्तानगंज में भी सभा होगी।
03 जनवरी : बस्ती सदर में यात्रा का समापन व बड़ी जनसभा होगी।
प्रधानमंत्री भी आ सकते हैं
चुनाव से पहले माहौल बनाने और जनता को रिझाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी कराया जा सकता है। महराजगंज व संतकबीरनगर की जनसभा में प्रधानमंत्री आ सकते हैं। देवरिया में भी प्रधानमंत्री की रैली हो सकती है।