जनवरी के पहले ही पखवारे में संभावित विधानसभा चुनाव की अधिसूचना को देखते हुए जिला प्रशासन ने नकदी लेकर चलने वालों के साथ ही चुनावी खर्च पर नजर रखने के लिए भी टीमें गठित कर ली हैं। जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 90 टीमें सक्रिय रहेंगी।
इनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन टीमें उड़न दस्ता और स्थायी निगरानी वाली होंगी। इनके अलावा एक-एक टीम सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी, वीडियो के अवलोकन के लिए, लेखा टीम के तौर पर शामिल हैं। यानी प्रत्येक विधानसभा में कुल 10 तरह की टीम, सिर्फ नकदी और चुनावी खर्च पर नजर रखने के लिए लगाई गई हैं। इनके अलावा मीडिया निगरानी के लिए एक समिति और व्यय निगरानी नियंत्रण कक्ष और कॉल सेंटर बनाए गए हैं।
जिले में कुल 2077 मतदान केंद्र और 4126 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। इस बार किसी भी बूथ पर 1200 से अधिक वोटर नहीं हैं। पिछले चुनावों में एक बूथ पर अधिकतम वोटरों का मानक 1500 का था। जिले में कुल 290 सेक्टर और 32 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी की ट्रेनिंग दो और तीन जनवरी को प्रस्तावित है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम फाइनेंस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। खर्च की निगरानी आदि के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लोगों ने काफी जागरूकता दिखाई है। वोटर बनने में महिलाओं और युवाओं की तरफ से सबसे अधिक आवेदन आए। पांच जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।