महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के सात पांच पुल से झुलनीपुर नहर मार्ग पर बैदौली गांव के सामने शुक्रवार की दोपहर करीब बारह बजे एक ऑटो बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। जिस दौरान ऑटो में सवार चौकीदार की मौत हो गई। जबकि अन्य आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस मृत चौकीदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के दमकी निवासी आठ लोग एक ऑटो में सवार होकर निचलौल वन रेंज क्षेत्र के जंगल बीच स्थित कुड़िया देवी मंदिर पूजा करने जा रहे थे। अभी ऑटो में सवार होकर सभी लोग सात पांच पुल से झुलनीपुर नहर मार्ग स्थित बैदौली गांव के सामने पहुंचे थे। इसी बीच ऑटो के सामने अचानक एक बाइक सवार युवक आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में ऑटो बाइक सवार को टक्कर मार नहर में पलट गई।
इस दौरान ऑटो में सवार दमकी गांव निवासी चौकीदार हरिनारायण (65) की मौत हो गई। जबकि अमरावती (40), अनारी (60), विजयी (45), सुकन्या (18), इमरती (70), पायल (12),ऑटो चालक अर्जुन (35) और बाइक सवार विनोद निवासी बैदौली घायल हो गए। घायल इमरती, विजयी, अनारी की हालत नाजुक बनी हुई है। क्षेत्राधिकारी धीरेंद्र कुमार उपाध्याय ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। मृत चौकीदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
निचलौल थाने का चौकीदार थे हरिनारायण
निचलौल थाना प्रभारी सुनील कुमार राय ने बताया कि हादसें की जानकारी मिलने के बाद तत्काल मौके पर पुलिस टीम पहुंच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। हरिनारायण स्थानीय थाने में चौकीदार थे। चौकीदार के परिजनों से तहरीर मिली है।