गोरखपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने गंभीर अनियमितताओं के मामले में दो विकास खंडों के प्रधानाध्यापकों को निलंबित कर दिया है। कैंपियरगंज के प्राथमिक विद्यालय नवापार के प्रभारी प्रधानाध्यापक केशव नाथ और कौड़ीराम के प्राथमिक विद्यालय पांडेयपार के प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार गुप्ता के खिलाफ अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की गई है।
कैंपियरगंज के प्राथमिक विद्यालय नवापार के निरीक्षण में सहायक अध्यापिका शोभा चौहान के अनुपस्थित रहने के बावजूद उपस्थिति पंजिका और ऑनलाइन पोर्टल पर उन्हें उपस्थित दिखाया गया। जांच में पाया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक केशव नाथ ने तथ्य छिपाए और गलत जानकारी दी। स्पष्टीकरण में भी अनियमितता सामने आने पर उन्हें निलंबित कर बीआरसी कैंपियरगंज से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की जांच बीईओ भरोहिया को सौंपी गई है।
वहीं कौड़ीराम के प्राथमिक विद्यालय पांडेयपार के प्रभारी प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार गुप्ता पर विभागीय कार्यों में लगातार लापरवाही, छात्रों की अपार आईडी और डिजिटल उपस्थिति अपलोड न करने, मासिक समीक्षा बैठक में अनुपस्थित रहने तथा बिना अनुमति फिल्म में अभिनय और उससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप पाए गए। इसके बाद उन्हें भी निलंबित कर बीआरसी से संबद्ध कर दिया गया।
कोट
विभागीय कार्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता और अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लापरवाही और विभाग की छवि का धूमिल करने वाले दो प्रधानाध्यापकों को निलंबित किया गया है।
-धीरेन्द्र त्रिपाठी, बीएसए