गोरखपुर जिले में झंगहा इलाके के मोतीराम अड्डा मार्ग पर रामपुर डाड़ी चौराहे के पास मंगलवार की रात सड़क हादसे में बाइक सवार सुभाष शर्मा (40) की मौत हो गई जबकि भतीजा घायल हो गया। भतीजे को इलाज के भर्ती कराया गया है। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।
जानकारी के मुताबिक, झंगहा थाना क्षेत्र के राजधानी शर्मा टोला निवासी सुभाष शर्मा मोतीराम अड्डा में नाई का काम करते थे। प्रतिदिन की भांति दुकान बंद करने के बाद मंगलवार को बाइक से अपने भतीजे विकास शर्मा के साथ घर जा रहे थे।
रामपुर डाड़ी चौराहे के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रही चार पहिया वाहन की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में भतीजे विकास शर्मा को हल्की चोटें आई थीं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवा दिया। परिजन शहर के एक अस्पताल में इलाज को भर्ती कराए थे जहां उसकी मौत हो गई। चार पहिया वाहन चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री है।