दृष्टि बाधित बच्चों को वितरित करेंगे टेबलेट
महंत दिग्विजयनाथ पार्क में आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिव्यांग बच्चों को उपकरण भी वितरित करेंगे। गोरखपुर मंडल के 414 दृष्टि बाधित बच्चों को अनुकूलित टेबलेट दिया जाएगा। गोरखपुर जिले के पूर्ण श्रवणबाधित 316 बच्चों को श्रवण यंत्र प्रदान किया जाएगा। दोनों योजनाओं में 10-10 बच्चों को मंच पर मुख्यमंत्री के हाथों उपकरण मिलेंगे। इसी तरह जिले के 264 मानसिक बीमार बच्चों को एमआर किट का वितरण किया जाएगा। 55 पूर्ण दृष्टिबाधित बच्चों को ब्रेल किट का वितरण होगा। दोनों योजना में पांच-पांच बच्चे मंच पर मुख्यमंत्री के हाथों लाभ पाएंगे।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी हो गई हैं। मुख्यमंत्री शाम पांच बजे महंत दिग्विजयनाथ पार्क में 955 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण करेंगे। इनमें से 933 करोड़ की परियोजनाएं जीडीए से जुड़ी हैं।