गोरखपुर में नवविवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने एवं मारपीट कर गर्भपात कराने के आरोप में खोराबार पुलिस पति, सास व ननद के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी तहरीर में क्षेत्र के डुमरी, बखरिया टोला निवासी पार्वती ने बताया है कि बीते 21 मई को उसकी शादी भोला निषाद के साथ हुई। आरोप है कि दहेज में बाइक न मिलने की वजह से ससुराल वाले उसे मारने-पीटने के साथ प्रताड़ित करने लगे। घटना की जानकारी होने पर पिता उसे मायके बेलीपार क्षेत्र के बड़हरा लेकर चले गए।
आरोप है कि 18 सितंबर को मायके में सास रीता व जेठानी मानिता पहुंचीं और उसे जबरन ले जाने लगीं। मना करने पर दोनों ने उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान घर पर कोई मौजूद नहीं था। पिटाई से उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता ने 26 सितंबर को एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर खोराबार पुलिस ने कार्रवाई की।