गोरखपुर की कैंट पुलिस ने मोबाइल फोन लूट करने के तीन आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के सामने से युवक से लूट की गई थी। पुलिस ने लूटे गए मोबाइल फोन को बरामद कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
उनकी पहचान खजनी के संग्रामपुर निवासी शिवम निगम, मिर्जापुर निवासी अमन गौड़ और यहीं के सिद्धार्थ साहनी के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक कैंट शशि भूषण राय ने बताया कि संतकबीरनगर के महुली निवासी पीयूष पांडेय कूड़ाघाट में रहते हैं। रविवार को किसी काम से रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास गए थे।
वहीं पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर मोबाइल फोन लूट लिया था। केस दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने आरोपियों को पीडब्ल्यूडी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उधर, कैंट पुलिस ने नौ जुलाई को लूटे गए मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राजघाट के तुर्कमानपुर निवासी राहुल सोनकर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास लूटे गए मोबाइल फोन बरामद कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।