गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके की रहने वाली दुष्कर्म पीड़िता को आरोपी ने साथियों संग मिलकर सुलह करने की धमकी दी है। कैंट पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आरोप है कि केस की पैरवी करने जाते समय धमकी दी गई। आरोपी वर्तमान में जमानत पर जेल से बाहर है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर जिले की मूल निवासी युवती शाहपुर में किराये के मकान में रहती है। प्रार्थनापत्र में पीड़िता ने लिखा है कि गोरखनाथ के रसूलपुर निवासी अशफाक ने शादी करने का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया था। गोरखनाथ थाने में दुष्कर्म, मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर छूट गया।
18 जुलाई को वह कचहरी में केस की पैरवी के लिए जा रही थी। जिला पंचायत रोड पर आरोपी अशफाक, उसके भाई निसरुल्लाह व मामा सेराज खान ने घेर लिया और मुकदमे में सुलह करने का दबाव बनाने लगे। बात न मानने पर जान से मारने की धमकी दी गई। कैंट इंस्पेक्टर शशिभूषण राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।