डोमिनगढ़ से खलीलाबाद के बीच तीसरी लाइन का डीपीआर तैयार हो गई है। इसे मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। इसके अलावा कुसम्ही से बैतालपुर तक सर्वे का भी कार्य पूरा हो गया है। इस खंड की संशोधित डीपीआर बनाई जा रही है। खलीलाबाद से बैतालपुर तक करीब 82 किलोमीटर लंबी इस तीसरी लाइन का निर्माण पूरा होने पर लखनऊ और बिहार व वाराणसी की तरफ से आने-जाने वाली ट्रेनों को आउटर पर नहीं रुकना पड़ेगा। इससे ट्रेनों के संचालन समय में सुधार आएगा।
छपरा-लखनऊ वाया गोरखपुर रूट पर 60 मालगाड़ी और करीब 150 ट्रेनें नियमित तौर पर चलती हैं। गोरखपुर जंक्शन पर आने-जाने वाली ट्रेनों को कभी डोमिनगढ़ पर तो कभी कैंट स्टेशन पर खड़ा होना पड़ता है। दो साल पहले डोमिनगढ़ से कुसम्ही तक तीसरी लाइन बिछाने का प्रस्ताव दिया गया था। मंजूरी मिलने के बाद इस साल काम शुरू हुआ। इस दौरान भविष्य की संभावनाओं को देखते हुए इस तीसरी लाइन को पश्चिम में खलीलाबाद स्टेशन और पूर्व में बैतालपुर स्टेशन तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
कुसम्ही से बैतालपुर तक का हिस्सा वाराणसी डिवीजन में है, जबकि डोमिनगढ़ से खलीलाबाद तक लखनऊ डिवीजन में। इन खंडों पर अलग-अलग फेज में काम किया जाना है। डोमिनगढ़ से खलीलाबाद तक 30 किलोमीटर तक तीसरी लाइन के लिए डीपीआर बन चुका है, जिसे मंजूरी के लिए रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। वहीं कुसम्ही से बैतालपुर तक 29.7 किमी लाइन है, जिस पर सर्वे के बाद अब डीपीआर बन रही है।