कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस कर रही जांच
कैंपियरगंज। थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव में राशन लेने गई एक महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में महिला समेत कई लोग घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अलीमुननिशा पत्नी रमजान राशन की दुकान पर गई थीं। आरोप है कि वहां और लौटते समय कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया, जिसके बाद मारपीट हुई। इस दौरान महिला और उसका पुत्र घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद संबंधित पक्ष के लोगों ने उन्हें घर बुलाकर दोबारा हमला किया। इसमें आरिफ खान, रमजान, हीना समेत परिवार के अन्य सदस्य घायल हुए। आरिफ खान को गंभीर चोट आने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि हमलावरों ने मोबाइल फोन छीन लिया और शिकायत करने पर धमकी दी। मामले में थाने पर तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी प्रभुदयाल सिंह का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।