गोरखपुर। राष्ट्रीय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय प्रचार टोली सदस्य मुकुल कानिटकर 20 अप्रैल को आएंगे। वह आरएसएस के युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
संघ से मिली जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में 20 अप्रैल को सुबह 11:30 बजे से आरएसएस के महानगर उत्तरी भाग की ओर से ''राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका'' विषय पर आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार टोली सदस्य मुकुल कानिटकर भाग लेंगे। कार्यक्रम में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, आयुष विश्वविद्यालय, महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय सहित शैक्षणिक, इंजीनियरिंग एवं डिप्लोमा संस्थानों से करीब 500 विद्यार्थी शामिल होंगे।
करीब दो घंटे के संवाद कार्यक्रम में जिज्ञासा समाधान सत्र भी होगा, जिसमें विद्यार्थियों की ओर से सवाल पूछे जाएंगे और उसका जवाब देकर मुकुल कानिटकर उनकी जिज्ञासा को शांत करेंगे। शताब्दी वर्ष पर संघ की ओर से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 14 से 16 फरवरी तक गोरखपुर प्रवास पर रहे। इसके बाद नौ अप्रैल को सह सरकार्यवाह अतुल लिमये भी चार दिवसीय प्रवास पर आए थे। अब अखिल भारतीय प्रचार टोली सदस्य मुकुल कानिटकर का आगमन हो रहा है। संघ की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में शाखाएं लगाने और युवाओं को जोड़ा जाए। अभी संवाद कार्यक्रम हर महीने आयोजित किए जाने की तैयारी चल रही है।