गोरखपुर के तीन मोहल्लों में बनेंगी सीसी सड़कें और नालियां
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए ) शहर के तीन मोहल्लों में सीसी सड़कें और नालियों का निर्माण कराएगा। यहां चार करोड़ 87 लाख 54 हजार 388 रुपये से नई सड़क और नालियां बनाई जाएंगी। कमिश्नर रवि कुमार एनजी की अध्यक्षता वाली जीडीए अवस्थापना समिति ने इसे मंजूरी दे दी है। जल्द ही इन सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू होगी।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि कजाकपुर न्यू कॉलोनी में सीसी रोड और आरसीसी नाली के लिए 55 लाख 23 हजार 778 रुपये स्वीकृत हुए हैं। वार्ड संख्या 28 के जंगल सालिकग्राम (हनुमंत नगर) में लतीफ नगर मस्जिद से बेबी आरओ चौक तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली बनाने के लिए दो करोड़ तीन लाख आठ हजार 810 रुपये तथा वार्ड 70 में यादव टोला में स्कॉलर स्कूल के सामने सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण के लिए दो करोड़ 29 लाख 21 हजार 800 रुपये स्वीकृत किए गए हैं। अब तक प्राधिकरण अपनी अवस्थापना निधि से 40 से अधिक सड़कों, नाली और पार्क समेत शहर के विभिन्न चौराहों आदि के सुंदरीकरण के लिए बजट जारी कर चुका है।
----------------
शहर की सभी सड़कों की मरम्मत कराने के साथ ही जो सड़कें ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई हैं, वहां नई सड़क बनाई जा रही है। मोहल्लों के भीतर की खराब सड़कों को भी सीसी रोड में बदलने के साथ ही आरसीसी की नालियां बनाई जा रही हैं ताकि जलनिकासी की समस्या का निस्तारण हो सके। इसी क्रम में प्राधिकरण द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 में अवस्थापना निधि से कई सीसी सड़कें और नालियों के लिए ढाई महीने के भीतर करीब 50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। - रवि कुमार एनजी, कमिश्नर