कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के अमवा श्रीदूबे गांव का 16 वर्षीय एक किशोर शनिवार को करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस हादसे के बाद से किशोर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हैं।
इस गांव के रामसिंगार गुप्ता का 16 वर्षीय पुत्र मिथिलेश गुप्ता शनिवार को सुबह लगभग साढ़े नौ बजे खेत की तरफ किसी कार्य से गया था। उधर से गुजरने वाली 33 हजार केवी की लाइन टूटकर गिरी थी, जिसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलस जाने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
उधर से गुजर रहे गांव के कुछ युवकों ने देखकर शोर मचाया और विद्युत उपकेंद्र पर सूचना दी। इसके बाद बिजली कटी। लोग मिथिलेश के शव को उठाकर कुछ दूर स्थित नहर के किनारे ले गए और उसके घरवालों को सूचना दी।
जैसे ही यह खबर मिथिलेश के घरवालों को मिली, रोते-बिलखते वहां पहुंचे। वहां बेइली, मटिहनिया, धनहां सहित कई गांवों के लोग पहुंच गए। भाजपा नेता तथा पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपक द्विवेदी, बसपा नेता जयश्री प्रसाद, ग्राम प्रधान राकेश द्विवेदी, राम इकबाल, सोनू निगम सहित कई लोगों ने पहुंचकर पीड़ित परिवार को सूचना दी।