गोरखपुर जिले के भलुआन गांव में रविवार की सुबह डेढ़ साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता सोनू सोनकर बच्चे को लेकर सीएचसी पहुंचे। मृत घोषित होने पर पुलिस को फोन कर बच्चे की हत्या की सूचना दी। बाद में सोनू की पत्नी भी पहुंच गई। दंपती पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया। उधर, पोस्टमार्टम में जहर से मौत की आशंका जताते हुए विसरा को सुरक्षित कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा के कड़हाचक गांव के मूल निवासी सोनू सोनकर (32) की शादी भलुआन की मुस्कान (28) से वर्ष 2019 में हुई थी। बेटे कार्तिकेय के जन्म के बाद से सोनू पत्नी और बच्चे के साथ अपनी ससुराल जगदीशपुर भलुवान में रहता है। बताया जाता है कि सोनू के शराब पीने की आदत की वजह से पति-पत्नी में आए दिन विवाद होता है। यही वजह है कि बच्चे की मौत के बाद से गांव में तरह-तरह की बातें की जा रही हैं।
लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच आए दिन किसी न किसी बात पर झगड़ा होता है। विवाद बढ़ने पर मारपीट भी करते हैं। बच्चे को भी बुरी तरह से पीटते थे। कुछ का कहना है कि शनिवार को पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। रात को सोनू अपने बच्चे को लेकर घर से भाग गया था।
इसे भी पढ़ें: डंपर से कुचलकर बुजुर्ग महिला की मौत, मार्ग जाम