गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके में रविवार की रात छह महिलाओं से हुई लूट की घटना में एक से अधिक गिरोह के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने सीसी टीवी कैमरे की मदद से बदमाशों की पहचान कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। खबर है कि पुलिस की एक टीम गैर जनपद भी रवाना हो गई है, जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के संगम चौराहे से लेकर पादरीबाजार व अन्य इलाकों में रविवार की रात छह महिलाओं से लूट हुई थी। एक के बाद एक लूट होने से पुलिस बदमाशों की तलाश में दौड़ती रही, लेकिन बदमाश चार घंटे तांडव मचाकर फरार हो गए और पुलिस लकीर पीटती रह गई। वारदात होने के बाद मामला आला अफसरों के संज्ञान में आया तो तत्काल त्रिनेत्र सेल को सक्रिय किया गया, जिसकी मदद से पुलिस ने बदमाशों की पहचान भी कर ली है। अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगी है।
सीसी टीवी फुटेज व अन्य स्रोतों की मदद से पुलिस की जांच में जो सामने आया है, उसमें एक से अधिक गिरोह के शामिल होने का संदेह है। फिलहाल, पुलिस तलाश में जुटी है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी है, जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।