यूपी 112 के पीआरवी 0337 पर तैनात दो दरोगा और दो सिपाहियों को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। चारों पुलिसकर्मी तीन घंटे तक लापता रहे थे। इस दौरान इन्होंने कोई भी इवेंट अटेंड नहीं किया था। इन पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी होगी।
जानकारी के मुताबिक दरोगा श्याम बिहारी यादव, दरोगा इंद्र प्रताप सिंह और कांस्टेबल देवेन्द्र यादव और राजेश यादव पीआरवी 0337 पर तैनात थे। शनिवार को इनकी गाड़ी अपने प्वाइंट से गायब थी। जीपीएस से लोकेशन भी अपडेट नहीं हो रही थी। इस दौरान कोई कॉल भी अटेंड नहीं किया। एसएसपी ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अकर्मण्यता तथा स्वेच्छाचारिता बरतने का आरोपित पाया और चारों को निलंबित करने के साथ ही विभागीय जांच शुरू करा दी।
गोपनीय सूचना लीक करने पर दरोगा और सिपाही निलंबित
एसएसपी के कैम्प कार्यालय स्थित गोपनीय कार्यालय में तैनात दरोगा रामनसीब चौधरी और कांस्टेबल संजय सिंह को भी एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। आरोप है कि दोनों ने कैम्प कार्यालय की गोपनीयता भंग की है।