संतकबीर नगर जनपद मुख्यालय खलीलाबाद से करीब 18 से 20 किमी दूर उत्तर दिशा में खलीलाबाद-मेहदावल मार्ग पर स्थित बखिरा कस्बे से तीन किमी पूर्वी भाग में स्थित है। इस पक्षी बिहार के विस्तृत भूभाग में विचरते पक्षियों को देखने के लिए सैलानी यहां आ सकें, इसके लिए बखिरा से 3 किमी दूर बखिरा सहजनवां मार्ग पर जसवल के पास उत्तर की ओर आधा किमी लंबी सड़क बनी है।
परिसर में वाच टावर के अलावा वन विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों के लिए आवास बने हुए हैं। गोन, पटेरा, पोंटे, मोगटान, जेनीचेला, कटिया, लियोफाइटान, काई-शैवाल, फीताधारी, कुमुदनी, कमलिनी, सफेद कमल आदि तथा जलचरों मे विभिन्न प्रकार की मछलियां, कछुए, केंकड़े, भांकुर, पतासी, टेंगन, सर्प आदि की विविध प्रजातियां यहां पाई जाती हैं। झील का पानी जमीन की आर्द्रता बनाए रखने में फायदेमंद है।
क्षेत्रीय वनाधिकारी अनूप वर्मा के अनुसार यहां पर पूरे वर्ष पानी भरा रहता है जिसके चलते जलीय वनस्पतियां, छोटे-छोटे कीड़े, घोंघे व सीप आदि के चलते यूरोप, साइबेरिया, तिब्बत, चीन देशों से पक्षियां आती हैं। बखिरा पक्षी विहार में दीवाली से होली तक प्रवासी और अप्रवासी पक्षियों की किलकारियां पर्यटकों को खूब लुभाती हैं।
सर्दी का मौसम बिताने के बाद प्रवासी पक्षी अपने मूल प्रदेश को लौट जाते हैं। वन विभाग की मानें तो यहां 113 प्रजाति के प्रवासी पक्षी आते हैं। खास बात यह है कि इन प्रवासी पक्षियों में अधिकांश शाकाहारी हैं। ये पक्षी रोज भोर से स्वतंत्र विचरण करते हुए जल के किनारे उगे झाड़-झुरमुटों से अपना भोजन तलाशते हैं। इनके साथ ही वर्ष भर इस झील में स्थानीय पक्षी भी बहुतायत में पाए जाते हैं। यह पाए जाने वाले विदेशी पक्षियों में लालसर, हिवीसिल, पोचार्ड, सूरखाब, गोजू, सवल, पिण्टेल, मूरहेन, आदि जबकि स्थानीय पक्षी- कैमा, वाटरहेन, राईटर, कारमोरेन्ट, विभिन्न प्रजाति के बगूले, सारस आदि है।
पक्षी प्रेमी जसवल भरवलिया के रहने वाले रामनिधि तिवारी ने बताया कि इतिहास में यह मोती झील के नाम से जाना जाता था, किन्तु सरकार ने इसकी महत्ता को देखते हुए चिड़ियों को संरक्षण करने के लिए पक्षी विहार घोषित कर दिया। तभी से चिड़ियों व मछली मारने पर प्रतिबंध लगा दिया गया।